May 19, 2026

News India Group

Daily News Of India

राजकीय इंटर कॉलेज सड़ब में मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित, शिक्षक-अभिभावक संघ का गठन।

1 min read

जौनपुर/टिहरी गढ़वाल। राजकीय इंटर कॉलेज सड़ब, जौनपुर टिहरी गढ़वाल में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक संघ की वार्षिक आम बैठक एवं मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षक-अभिभावक संघ के अध्यक्ष उधम सिंह रावत तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. नेत्रमणि बडोनी ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति एवं शिक्षक-अभिभावक संघ की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से रणवीर सिंह सजवाण (ग्राम बेल) को विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष चुना गया, जबकि उधम सिंह रावत (ग्राम काण्डी तल्ली) को उनके उत्कृष्ट कार्यकाल को देखते हुए पुनः शिक्षक-अभिभावक संघ का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए भव्य समारोह आयोजित किया गया। परिषदीय परीक्षा-2026, गृह परीक्षा, मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, इंस्पायर अवार्ड, खेल, कला, अनुशासन एवं लोक संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे। सामाजिक कार्यकर्ता नागेंद्र सिंह राणा एवं पूर्व प्रधान जयपाल सिंह राणा ने विद्यालय में पिछले एक वर्ष में हुए सकारात्मक बदलावों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्य डॉ. नेत्रमणि बडोनी के नेतृत्व में विद्यालय में अनुशासन, शिक्षण व्यवस्था एवं शैक्षिक वातावरण में अभूतपूर्व सुधार हुआ है, जिसके चलते अब लोग मसूरी एवं कैम्टी से भी अपने बच्चों को पुनः इस विद्यालय में प्रवेश दिला रहे हैं।

अभिभावकों ने प्रधानाचार्य डॉ. बडोनी, व्यायाम शिक्षिका निर्मला नौटियाल एवं सहायक अध्यापिका रुचिता श्रीयाल द्वारा निजी व्यय से विद्यार्थियों को कोट, पैंट, टाई, बेल्ट, आईडी कार्ड एवं गणवेश सामग्री उपलब्ध कराने की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। विद्यालय के सौंदर्यीकरण एवं बढ़ते नामांकन पर भी प्रसन्नता जताई गई।

प्रधानाचार्य डॉ. बडोनी ने अभिभावकों से विद्यालय भूमि सीमांकन, कक्षा-कक्षों की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था एवं खेल मैदान के सुदृढ़ीकरण में सहयोग की अपील की, ताकि छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

बैठक में उधम सिंह रावत, नागेंद्र सिंह राणा, जयपाल सिंह राणा, सुनील राणा, मुकेश राणा, दिनेश सजवाण, रणवीर सिंह सजवाण, महावीर लाल, शांतिराम, गुड्डी देवी, बबीता देवी, चंदा देवी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

You may have missed