May 19, 2026

News India Group

Daily News Of India

Char Dham Yatra: विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा के लिए देवभूमि पूरी तरह तैयार, पंजीकरण शुरू; आज CM करेंगे ये काम

1 min read

चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए परिवहन विभाग की ओर से भद्रकाली मंदिर में पूजा अर्चना की गई। चारधाम यात्रा के लिए सुबह छह बजे से सभी 30 काउंटरों पर पंजीकरण शुरू हो गया है।

विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा को लेकर देवभूमि अब पूरी तरह तैयार है। ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में यात्रियों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर दी गई हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री यात्रियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

चारधाम यात्रा पंजीकरण प्रभारी प्रेमानंद ने बताया कि सुबह छह बजे से सभी 30 काउंटरों पर पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। इसमें 24 काउंटर ट्रांजिट कैंप में और छह काउंटर आईएसबीटी में खुले हैं। दोपहर 12 बजे तक करीब 150 यात्रियों ने पंजीकरण कराया। सबसे पहले नेपाल से आए 30 यात्रियों ने पंजीकरण कराया।

यात्रा प्रशासन के विशेष कार्याधिकारी पीपी नौटियाल ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर दी गई हैं। एसडीएम ने भी नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर साफ सफाई दुरुस्त करने व ट्रांजिट कैंप में कर्मचारियों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 11 बजे यात्रियों के वाहनों को हरी झंडी दिखाएंगे।

ट्रांसपोर्टर बोले डग्गामार वाहन रोके परिवहन विभाग
आईएसबीटी स्थित सभागार में एसपी देहात जया बलूनी के नेतृत्व में बैठक हुई। ट्रांसपोर्टरों ने कहा कि यात्रा के दौरान कई डग्गामार वाहन संचालित होते हैं। इनको रोकने के उपाय किए जाएं। इस पर एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान जिन वाहनों की उसी दिन की टोल पर्ची होगी उनका ही ग्रीन कार्ड बनाया जा रहा है।

दूसरे राज्यों के वाहनों के लिए 15 दिन की अवधि का ग्रीन कार्ड बनता है। ट्रांसपोर्टर बिजेंद्र कंडारी ने कहा कि यात्रा के लिए नया रूल आया है। इसमें राज्य के वाहन अपने राज्य के अंदर से ही यात्रियों को उठाएंगे और उन्हें राज्य के अंदर ही छोड़ेंगे। नगर आयुक्त ने व्यापारियों से नाली के ऊपर के अतिक्रमण स्वयं हटाने के लिए कहा।

परिचर्चा
नेपाल से उत्तराखंड पहली बार आए हैं। नेपाल से 30 यात्रियों का दल आया है। यहां पर प्रशासन की ओर से अच्छी व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां दी गई। हम सभी यात्रियों की सफल यात्रा की कामना करते हैं। – खेमराज सुवेदी, नेपाल

चारधाम यात्रा पर जाने के लिए काफी खुशी है। उत्तराखंड में आने का अच्छा अनुभव है। प्रशासन की ओर से हमें यात्रा के दौरान सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी गई। हम काफी खुश है। बाबा केदार के आशीर्वाद से हर साल आएंगे। – राधा कृष्ण घिमिरे

यात्रा के सफल संचालन के लिए भद्रकाली मंदिर में की पूजा
चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए परिवहन विभाग की ओर से भद्रकाली मंदिर में पूजा अर्चना की गई। एआरटीओ प्रशासन रावत सिंह कटारिया और एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत ने पूजा अर्चना कर चारधाम यात्रा के सफल संचालन की कामना की। इस अवसर आरआई प्रदीप रौथाण, टीजीएमओ के अध्यक्ष जितेंद्र नेगी, प्यारेलाल जुगरान, मुकेश तिवाड़ी आदि उपस्थित रहे।

चारधाम यात्रा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर दी गई है। इस दौरान यात्रा से संबंधित स्टेक होल्डरों के साथ बैठक की गई, जिसमें ट्रांसपोर्टरों और व्यापारियों के सुझाव सुने गए। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जल्द ही जाएगी। चारधाम यात्रा के दौरान सड़क के किनारे जो अवैध स्टैंड बने हैं उन्हें हटवाया जाएगा। – योगेश मेहरा, एसडीएम ऋषिकेश

You may have missed