ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव की तैयारी, खरगे के आवास पर जुटेगा इंडिया गठबंधन
1 min readराहुल गांधी ने कहा कि गृह मंत्री लोगों को दिल्ली में आने से रोकने की पूरी कोशिश कर रहे हैं. विस्तार से पढ़ें.
नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (CEC Gyanesh Kumar) के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने को लेकर इंडिया गठबंधन (INDIA ALLIANCE) आज शनिवार दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर एक कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है. यह कार्यक्रम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर आयोजित होगा.
चक्रवात अर्नब की वजह से राष्ट्रीय राजधानी में लगातार बारिश हो रही है. इसी के चलते शुक्रवार को यह कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था. लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस फैसले की घोषणा करते हुए कहा कि वरिष्ठ नेताओं को कोई असुविधा न हो, इसलिए सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया.
बता दें, शुक्रवार को राहुल गांधी ने कहा कि बारिश की वजह से हमने सर्वसम्मति से आज के कार्यक्रम (CEC के खिलाफ सार्वजनिक महाभियोग कार्यक्रम) को कल शनिवार को उसी समय के लिए टालने का फैसला किया है. हमें लगा कि बारिश में वरिष्ठ लोगों का बैठना ठीक नहीं रहेगा, इसलिए हम यही कार्यक्रम कल आयोजित करेंगे.
उन्होंने राजनीतिक दलों, नागरिक समाज के सदस्यों, पत्रकारों और अन्य नागरिकों को भी ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के 1 नवंबर को रामलीला मैदान तक होने वाले मार्च में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया. उन्होंने कहा कि अगले दिन, हमारा रामलीला मैदान तक एक मार्च है. इसमें पूरा विपक्ष और जो भी आना चाहे – चाहे वे राजनीतिक हों, गैर-राजनीतिक हों, सामाजिक कार्यकर्ता हों, समाज सेवा से जुड़े लोग हों, नागरिक समाज के सदस्य हों या पत्रकार सभी शामिल हो सकते हैं. ये दोनों कार्यक्रम इस बात को लेकर हैं कि कैसे नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग में उनकी टीम भारतीय लोकतंत्र को खत्म कर रही है.
राहुल गांधी ने आगे आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री लोगों को रैली में शामिल होने के लिए दिल्ली जाने से रोकने की कोशिश कर रहे थे. कांग्रेस सांसद ने कहा कि गृह मंत्री लोगों को दिल्ली में आने से रोकने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि हमारी पार्टी के सदस्य, आम लोग जो यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना, पंजाब से आना चाहते हैं, उन्हें रोका जा रहा है. और वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं.
राहुल ने आगे कहा कि रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली रैली पर मिलने वाली प्रतिक्रिया जनता की भावनाओं को दर्शाएगी. उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों मतदाताओं के मताधिकार छिन जाने और उनके वोट चोरी हो जाने की घटनाओं से लोग नाराज और परेशान हैं. उन्होंने बीजेपी नेतृत्व और उद्योगपतियों गौतम अडानी तथा मुकेश अंबानी पर भी आरोप लगाया कि उन्हें कथित चुनावी गड़बड़ियों से फायदा मिला है. इन नियोजित प्रदर्शनों को विपक्ष का एकजुट विरोध बताते हुए, राहुल गांधी ने कहा कि सभी पार्टियां संविधान, ‘भारत के विचार’ और नागरिकों के वोट देने के अधिकार की रक्षा के लिए एक साथ खड़ी हैं.
सार्वजनिक महाभियोग कार्यक्रम पहले शुक्रवार को दोपहर 3:30 बजे खड़गे के आवास पर तय किया गया था, लेकिन बारिश के कारण इसे टाल दिया गया. इस कार्यक्रम से पहले, राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी नेता पवन खेड़ा, कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और जयराम रमेश समेत ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के नेता बैठक के लिए खड़गे के आवास पर पहुंचे थे.

