June 17, 2026

News India Group

Daily News Of India

बदरीनाथ हाईवे पर बस पर गिरे विशालकाय बोल्डर, महिला तीर्थयात्री की मौत, दो घायल

1 min read

चारधाम यात्रा के दौरान एक बस पर बोल्डर और मलबा गिर गया. हादसे में एक महिला की मौत हो गई.

चमोली: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया. चमोली जिले के पीपलकोठी के समीप भनेरपानी क्षेत्र में पहाड़ी से अचानक भारी मलबा और बोल्डर गिरने से एक यात्री बस उसकी चपेट में आ गई. हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई. जबकि दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद प्रशासन ने एहतियातन चारधाम यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी थी. जिसके बाद हालात सामान्य होने पर यात्रा फिर शुरू हुई.

जानकारी के अनुसार बस संख्या UK04 PA 0413 बदरीनाथ की ओर जा रही थी. तभी भनेरपानी क्षेत्र में अचानक पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने लगा. इससे बस क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार यात्री घायल हो गए. हादसे के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस के अनुसार दिल्ली निवासी 26 वर्षीय रेनू किरोड़ीवाल गंभीर रूप से घायल हो गई थी, उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई.

वहीं कानपुर निवासी पप्पू मिश्रा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय गोपेश्वर रेफर किया गया है. दूसरी घायल तन्नू छेत्री, निवासी गुरुग्राम, को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. बस में सवार अन्य सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं. बताया जा रहा है कि बस में करीब 32 लोग सवार थे. बस ऋषिकेश से बदरीनाथ धाम जा रही थी.

पीपलकोटि चौकी इंचार्ज लक्ष्मीकांत बिजल्वाण ने जानकारी देते हुए बताया कि भनेरपानी पीपलकोटि के पास देर शाम बस के ऊपर अचानक भारी पत्थर गिर गया. जिसमें बस में सवार एक महिला की उपचार के दौरान मौत होगी, जबकि दो घायलों को अस्पताल में इलाज के लिए जाया गया, एक की हालत गंभीर बनी हुई है. जबकि अन्य घायल को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.

बता दें कि इन दिनों पर्वतीय अंचलों में बारिश का दौर जारी है. कई संपर्क मार्गों पर मलबा और बोल्डर गिर रहे हैं. ऐसे में पुलिस प्रशासन द्वारा लोगों से सावधानी से आवाजाही करने की अपील की जा रही है. क्योंकि पहाड़ी क्षेत्रों में जरा सी चूक जान पर भारी पड़ सकती है.

You may have missed