August 18, 2026

News India Group

Daily News Of India

रुद्रप्रयाग में भीषण सड़क हादसा, 250 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 3 लोगों की मौत

1 min read

कार सवार भीरी से औरिंग की ओर जा रहे थे, इसी दौरान भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा

रुद्रप्रयाग: जनपद रुद्रप्रयाग में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया. बीती रात एसडीआरएफ को सूचना मिली कि भीरी–ककोला मोटर मार्ग पर एक कार (UK 13 TA 1991) अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लगभग 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई है. वाहन भीरी से औरिंग की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया.

रुद्रप्रयाग जिले में भीषण सड़क हादसा: सूचना मिलते ही SDRF नियंत्रण कक्ष सक्रिय हुआ और SDRF पोस्ट अगस्त्यमुनि से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पंवार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई. अंधेरे और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के बावजूद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में खाई में गिरी हुई है. वाहन में सवार तीनों व्यक्तियों की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो चुकी थी.

कार खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत: SDRF टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाते हुए शवों को बाहर निकालना शुरू किया. अब तक एक शव को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचा दिया गया है, जबकि अन्य शवों को निकालने की प्रक्रिया जारी है. मृतकों की पहचान नवीन सिंह (30 वर्ष) पुत्र सुरेन्द्र सिंह निवासी औरिंग, अमित सिंह (35 वर्ष) पुत्र आनंद सिंह निवासी सुरसाल तथा अंशुल (28 वर्ष) पुत्र धनपाल निवासी सुरसाल के रूप में हुई है.

वाहन अनियंत्रित होने को माना जा रहा हादसे का कारण: स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन भी मौके पर पहुंचकर SDRF के साथ समन्वय बनाते हुए आवश्यक कार्रवाई में जुटा है. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है. इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है. मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और प्रशासन द्वारा आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

More Stories

You may have missed