February 11, 2026

News India Group

Daily News Of India

उत्तराखंड में 35 भाजपा नेताओं को जल्द मिलेंगे बड़े पद, लिस्ट तैयार; प्रदेश अध्यक्ष चुनाव की तारीख का एलान भी जल्द

1 min read

विभिन्न आयोगों, निगमों व प्राधिकरणों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के रूप में दिए जाने वाले मंत्री एवं राज्यमंत्री पद के समकक्ष दायित्व की आस लगाए बैठे भाजपा नेताओं की यह मुराद जल्द पूरी होने जा रही है। प्रदेश भाजपा ने अपने ऐसे 35 नेताओं की सूची तैयार की है, जिन्हें इसी नवरात्र में दायित्व दिए जा सकते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में इसके संकेत दिए। पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जिन्हें दायित्व दिया जाना है, वे नाम जल्द ही सामने होंगे। दायित्व वितरण में अब ज्यादा देर नहीं लगने वाली है। धामी सरकार के दूसरे कार्यकाल में अभी तक दो दर्जन से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं को दायित्व दिए जा चुके हैं। इस बीच पार्टी के बीच से यह मांग उठती आई है कि पार्टी संगठन के लिए निरंतर कार्य करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं को दायित्व दिए जाने चाहिए। बात उठ रही है कि वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में दायित्व वितरण के लिए यह सही समय है। इससे चुनावी तैयारियों को धरातल पर मूर्त रूप देने में तेजी आएगी। माना जा रहा है कि अब इसी नवरात्र में अगले कुछ दिन के भीतर दायित्व बांटे जा सकते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का कथन तो इसी तरफ इशारा कर रहा है।

जल्द घोषित होगी प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की तिथि
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राज्य में प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के दृष्टिगत पार्टी संगठन जरूरी अर्हता पूरी कर चुका है। इसकी सूचना केंद्रीय नेतृत्व को दी गई है। उन्होंने कहा कि अभी उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव नहीं हुआ है। संसद सत्र की व्यस्तता के कारण इसमें थोड़ा समय लगा, लेकिन दो-तीन दिन में प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव की तिथियां तय हो सकती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड के अध्यक्ष के चुनाव की तिथि शीघ्र तय होने पर नामांकन प्रकिया प्रारंभ होगी।

आने वाले दिनों में घोषित होगा रानीखेत का जिलाध्यक्ष
भट्ट ने कहा कि राज्य में पार्टी अपने 19 में से 18 सांगठनिक जिला इकाइयों में अध्यक्ष घोषित कर चुकी है। सांगठनिक जिला रानीखेत के अध्यक्ष की घोषणा प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के बाद होगी। साथ ही स्पष्ट किया कि पूर्व में चुनाव प्रक्रिया के तहत रानीखेत से जो नाम आए थे, वे सभी अधिक उम्र होने के कारण अस्वीकार किए गए थे।

More Stories

You may have missed